नए साल में प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना से वंचित रहे पात्रों को सौगात दी है। तीन साल में पहली बार पीलीभीत जिले में 13 हजार आवासों की मंजूरी दी गई है। 2022 में जिले को मात्र तीन हजार आवास ही शासन की ओर आवंटित हुए थे।
जिले में करीब 25 हजार गरीबों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ नहीं मिल सका है। इनके आवेदन लंबित पड़े हैं। वर्ष 2022 में ग्रामीण क्षेत्र के लिए मात्र तीन हजार आवास ही स्वीकृत हुए थे। इस तरह 22 हजार पात्र अब भी प्रधानमंत्री आवास का सपना संजोए हुए थे। साल की शुरुआत में ही शासन ने इस बार प्रधानमंत्री आवास का लक्ष्य बढ़ाकर जिले को आवंटित किया। वर्ष 2023 के लिए 13 हजार आवास मंजूर किए गए हैं। इसका ब्लॉकों के पात्रों के अनुसार आवंटन किया जाएगा।
अधिकारी बोले, कोई भी पात्र नहीं रहेगा वंचित
नए साल के तोहफे के तौर पर शासन ने पहली बार जिले के ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले गरीबों के लिए 13,465 आवासों की मंजूरी दी है। इससे पहले साल 2019-20 में 9182, 2021-22 में 5608 आवास दिए गए थे। वहीं अधिकारियों का कहना है कि इस बार कोई भी पात्र योजना से वंचित नहीं रहेगा।