बरेली। लोकसभा चुनाव के लिए पुलिस-प्रशासन ने आरटीओ से 1493 वाहनों की मांग की है। इसके बाद आरटीओ ने शहर के स्कूल-कॉलेजों और उद्यमियों से उनके पास उपलब्ध वाहनों का ब्योरा मांगा है। हालांकि इसके जवाब में ज्यादातर ने वाहन देने में असमर्थता जता दी है। प्रशासन ने सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट के लिए करीब 724 चारपहिया गाड़ियां और पुलिस ने 769 बसें आरटीओ से मांगी हैं। आरटीओ के पत्र पर स्कूल-कॉलेजों ने एक-दो वाहन अपनी जरूरत पूरी करने के लिए रखकर अन्य वाहनों की सूची आरटीओ को भेज दी है लेकिन उद्यमियों ने सिरे से असमर्थता जता दी है। प्रशासन इसके बाद सख्ती के मूड में है।