आपसी लड़ाई झगड़े में घायल ग्रामीणों ने जिला अस्पताल के डॉक्टर पर इलाज न करने और वार्ड से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। घायलों की तीमारदार जगरानी ने बताया कि पांच दिन पहले देवरनिया में झगड़ा होने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके परिवार के पांच लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शनिवार शाम डॉक्टर राउंड पर आए तो सभी को ठीक बताकर छुट्टी करने को कह दिया। रात में वे लोग किसी तरह वार्ड में रुके रहे लेकिन सुबह डॉक्टर ने सबको बाहर निकाल दिया। जगरानी ने बताया कि राममूर्ति देवी, भूपदेई, शीशपाल, केसरी लाल, राजेश्वरी को गंभीर चोटें हैं। इनमें राजेश्वरी तीन और भूपदेई सात महीने के गर्भ से है। जगरानी का आरोप है कि जिला अस्पताल का प्रशासन विपक्षियों के कहने पर इलाज नहीं कर रहा है।