बरेली।
पिछले महीने में हुई बोर्ड की बैठक को अंतिम बैठक बताया जा रहा था, लेकिन मजबूरी में एक बार फिर बैठक बुलाई जा रही है। 20 जून को बोर्ड की बैठक होगी। इसमें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा 91 (2) के प्रस्ताव भी पास किए जाएंगे। नगर निगम बोर्ड की बैठक में इस बार जाते-जाते विज्ञापन की दरों को तय कर दिया जाएगा। पिछले पांच सालों से विज्ञापन की दराें को तय करने का मामला अटका पड़ा है। विज्ञापन निर्धारण समिति की ओर से इस पर काफी विचार-विमर्श किया गया था, लेकिन इसके बाद भी इसे लागू नहीं किया गया। इस नई नीति को लागू करने से नगर निगम को दो से तीन करोड़ रुपये से ज्यादा की आमदनी होगी। अभी तक निगम विज्ञापन दराें को लेकर नुकसान उठा रहा है, जबकि शहर होर्डिंग से पटा पड़ा है। इसके अलावा डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का एजेंसियों के साथ अनुबंध खत्म हो रहा है, जिसे बढ़ाया जाए या खत्म किया जाए इस पर भी चर्चा होगी। साथ ही हरी भरी एजेंसी के साथ किए गए करार पर भी चर्चा होगी। मेयर डॉ. आईएस तोमर ने 20 जून को सुबह 11 बजे से बैठक बुलाने के निर्देश दिए हैं।