बरेली। 23 अप्रैल को मतदान से पहले ही 15 हजार से ज्यादा वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लेंगे। निर्वाचन ड्यूटी में लगे ये वोटर बैलेट पेपर पर निशान लगाकर अपने वोट डालेंगे। प्रशासन ने चुनाव ड्यूटी करने वाले इन कर्मचारियों के लिए अनाथालय रोड पर एसबी इंटर कॉलेज में पोलिंग बूथ बनाए जाने की व्यवस्था की है। इस दौरान इन कर्मचारियों को मतदान कराने के लिए अंतिम प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। 3427 पोलिंग बूथ पर एक पीठासीन अधिकारी और तीन मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 20 प्रतिशत कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है। इस तरह से निर्वाचन कार्य में पंद्रह हजार से ज्यादा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इन सभी कर्मचारियों को वोटिंग कराने के लिए अंतिम प्रशिक्षण 16 से 19 अप्रैल तक एसबी इंटर कालेज में होगा।