बरेली। सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी भगवत सरन गंगवार तीन अप्रैल को नामांकन करेंगे। रविवार को प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि जिस देश के 44 जवान मारे जाएं और फिर भी पीएम का सिर गर्व से ऊंचा हो जाए तो इससे ज्यादा शर्मनाक क्या हो सकता है। प्रभा सिनेमा के पास नए चुनाव कार्यालय पर मीडिया से बातचीत के दौरान भगवत सरन गंगवार ने कहा कि गठबंधन ने गोरखपुर, डिप्टी सीएम के गढ़ और कैराना में भाजपा का किला ढहाया। भाजपा के गठबंधन में 46 पार्टी हैं और हम सिर्फ तीन हैं। अब यूपी से ही भाजपा और मोदी का सफाया होगा। बोले- 30-40 साल पहले यहां बरेली सबसे बड़ा जिला होता था, अब मुरादाबाद और बदायूं हो गया। विकास न होने से बरेली सिकुड़ रहा है।