बरेली। अमर उजाला की 50वीं वर्षगांठ के मौके पर 16 जनवरी को स्पोर्ट्स स्टेडियम से डीडीपुरम के शहीद चौक तक निकाली गई ‘स्वच्छ-हरित बरेली’ रैली में शामिल बच्चों की उन पेंटिंग्स को सम्मानित किया जाएगा, जिनके जरिये उन्होंने लोगों को प्रभावित करने वाले जागरूकता के संदेश दिए थे। इस रैली में करीब दर्जन भर स्कूलों के बच्चे शामिल हुए थे। लोगों को स्वच्छ और हरित बरेली का संदेश देने के लिए ये बच्चे अपनी बनाई पेंटिंग्स भी साथ लाए थे। इन पेंटिंग्स के जरिये बच्चों ने ‘लगा सको तो बाग लगाओ लगाना मत सिखाओ’, ‘फैला सको तो प्यार फैलाओ कचरा फैलाना न सिखाओ’, ‘आओ एक कदम बढ़ाएं अपने शहर को स्वच्छ बनाए’, ‘साथी रे हाथ से हाथ मिलाना, गंदगी को दूर बरेली शहर से भगाना है’, जैसे तमाम संदेश दिए थे। अमर उजाला परिवार ने बेहतरीन पेंटिंग बनाने वाले बच्चों को सम्मानित करने का फैसला लिया है। पेंटिंग का मूल्यांकन कर प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेता का चयन किया जाएगा।