बरेली। मॉडल टाउन निवासी परमवीर सिंह का थोक का लेडीज सूट का काम है। राजेंद्रनगर स्थित पुराने मकान में परमवीर ने अपना गोदाम बना रखा है। शार्ट सर्किट होने के कारण रविवार देर रात इनके गोदाम में आग लग गई। परमवीर ने बताया कि उनके पड़ोसी ने उन्हें आग लगने की सूचना दी। व्यापारी का चौकीदार विनय पिछले कुछ दिनों के अपने गांव में है। मौके पर पहुंचे परमवीर ने अग्निशमन विभाग और पुलिस को आग लगने की सूचना दी। करीब दो घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। परमवीर के मुताबिक नीचे रखा लकड़ी का फर्नीचर, वहां लगे सीसीटीवी कैमरे और हिसाब किताब के कागजात समेत कुछ कपड़े जल गए। तीन मंजिल के गोदाम में ऊपर की दो मंजिलों पर ज्यादा समान रखा था। आग ऊपर तक पहुंचने से पहले ही उस पर काबू पा लिया गया।