ट्रेन का कैरिकेचर
चार महीने से कैंसल इंटरसिटी एक्सप्रेस आज से चलेगी
बरेली। बरेली से नई दिल्ली जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस शुक्रवार से चलेगी। नई दिल्ली स्टेशन पर प्लेटफार्म के जीर्णोद्धार और कोहरे के चलते ट्रेन चार महीने से कैंसल थी। इंटरसिटी एक्सप्रेस चलने की खबर से व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। रेलवे ने पहले इस ट्रेन को 25 जनवरी तक के लिए रद्द किया था। इसके बाद 17 मार्च और फिर 22 मार्च तक कैंसल कर दिया था। ट्रेन न चलने से सबसे ज्यादा परेशानी व्यापारियों को हो रही थी। रेलवे को भी रोजाना एक लाख रुपये का घाटा हो रहा था। व्यापारी नेता दर्शन लाल भाटिया के मुताबिक, ट्रेन न चलने से व्यापारियों को खासा कारोबारी नुकसान उठाना पड़ रहा था। दरअसल, बरेली जंक्शन से बनकर चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस एकमात्र ऐसी ट्रेन है, जो नगरिया सादात स्टेशन पर भी रुकती है। लिहाजा मीरगंज तहसील क्षेत्र के व्यापारी भी इसी ट्रेन से दिल्ली आते-जाते हैं। मुरादाबाद डिवीजन के डीआरएम एके सिंघल ने बताया कि शुक्रवार से ट्रेन अपने निर्धारित समय से चलने लगेगी।