मसौली। मसौली के मूजापुर गांव निवासी लवकुश (40) का शव बृहस्पतिवार देर रात गांव से करीब एक किमी दूर हरिनाम के बाग में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिजनों ने ट्रैक्टर गिरवी रखने के विवाद में गवाही देने के कारण प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मूजापुर निवासी लवकुश बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे घर से निकले थे। काफी देर तक न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। गांव के पास बाग में पेड़ पर फंदे से उनका शव लटका मिला। पोस्टमार्टम हाउस में लवकुश के साले आलोक और परिवार के राजू यादव ने बताया कि करीब तीन साल पहले जहांगीराबाद के एक व्यक्ति ने शहर के पास ट्रैक्टर गिरवी रखकर कर्ज लिया था।
आरोप है कि इस मामले में लवकुश गवाह थे। परिजनों के मुताबिक गिरवी रखने वाले व्यक्ति के दो पुत्र क्षेत्र के बिरौली में कार्यालय खोलकर रिकवरी एजेंट के रूप में कार्य करते हैं। 13 सितंबर को वही दो लोग लवकुश को पकड़कर ले गए थे और प्रताड़ित किया था।
इस दौरान एक परिचित ने उन्हें बचाया था। परिजनों का दावा है कि घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर भी दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। रामनगर की सीओ गरिमा पंत ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी।