बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे शहर के निकट चौपुला के पास बुधवार करीब रात नौ बजे हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हाईवे पेट्रोलिंग नदारद होने से युवक के शव को हाईवे से गुजरते वाहन करीब पांच घंटे तक रौंदते रहे। इससे शव के टुकड़े-टुकड़े हो गए। रात दो बजे करीब घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। हाईवे पर लगे एक कैमरे में पूरी घटना रिकार्ड भी हुई है।
पुलिस के अनुसार परिजनों ने कपड़ों के आधार पर मृतक की शिनाख्त जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के लोंहजर गांव निवासी वली मोहम्मद (40) के रूप में की। परिजनों ने बताया कि वह अपनी रिश्तेदार की पुत्री से मिलने मसौली थाना क्षेत्र में रसौली व चाैपुला के बीच स्थित अस्पताल गए थे। रात करीब नौ बजे अस्पताल से लौटते समय हाईवे पर किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इसके बाद करीब पांच घंटे तक हाईवे से गुजर रहे वाहन शव को रौंदते हुए गुजरते रहे। इससे शव के टुकड़े-टुकड़े हो गए। इस दौरान रात नौ बजे से लेकर दो बजे तक हाईवे पेट्रोलिंग वाहन मौके से नदारद रहे। किसी राहगीर से मिली सूचना के बाद देर रात दो बजे करीब पुलिस घटना स्थल पर पहुंची।
बच्चों से छिना पिता का सहारा
वली मोहम्मद की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में पत्नी के अलावा पांच और दो वर्ष के दो बेटे व मात्र पांच माह की एक बेटी है। उनकी मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया छिन गया है। वली मोहम्मद सोहन पपड़ी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। अचानक हुई इस त्रासदी के बाद परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।