रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। कोतवाली क्षेत्र रामसनेहीघाट में बुधवार को लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। युवक के पिता की भी अभी 15 दिन पहले मौत हुई थी। वह माता-पिता का इकलौता पुत्र था। हादसे की खबर पाते ही उसकी मां बेहोश हो गई।
रामसनेहीघाट के भुडेहरी नारायणपुर गांव निवासी अनुभव अवस्थी (18) बुधवार को बाइक से क्षेत्र के ही सुमेरगंज बाजार जाने के निकला था। नारायणपुर गांव के मोड़ के पास जैसे ही वह हाईवे पर पहुंचा, लखनऊ की ओर से आ रही स्कार्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद स्कार्पियो तेजी से भाग निकली मगर स्थानीय लोगों ने उसका नंबर नोट कर लिया। एंबुलेंस बुलाकर अनुभव को सीएचसी रामसनेहीघाट पहुंचाया गया मगर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक के पिता रजनीकांत (46) की मृत्यु 15 दिन पहले बीमारी से हो गई थी, तेरहवीं सोमवार को हुई थी। पति व पुत्र की मौत के बाद घर में अकेली बची रजनीकांत की पत्नी हादसे की खबर सुनते ही अचेत हो गईं। रिश्तेदार उन्हें संभालने में लगे रहे। एसएचओ रामसनेहीघाट ओपी तिवारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज टक्कर मारने वाली स्कार्पियो व चालक की तलाश की जा रही है।