हैदरगढ़ (बाराबंकी)। कोतवाली क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर देर शाम हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, वहीं 11 लोग घायल हो गए। पांच घायलों को केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया है।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर रविवार देर शाम गंगापुर संसारा गांव के पास दो बाइकें आमने-सामने टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल तपापुर गांव के अंकित पाल, इनकी बहन आशा, दतौली के राममनोहर, सराय रावत के रामगोपाल, थाना लोनीकटरा के बीरमपुर गांव के रोहित को सीएचसी हैदरगढ़ लाया गया। जहां घायल अंकित पाल (21) की मौत हो गई। अमित व रोहित को गंभीर हालात में केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया है।
वहीं, हैदरगढ़ के पास ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बिहार से दिल्ली जा रही एक कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार बिहार प्रांत के सीतामढ़ी जिले के थाना वेल्सन के मटकोल गांव निवासी जयदेव कुमार, इनकी पत्नी मिंटो कुमारी, पुत्र हर्ष व चिराग, रिश्तेदार नीलम, भांजे आलोक कुमार, साले कौशल कुमार घायल हो गए। क्विक रिस्पांस टीम ने सभी घायलों को सीएचसी हैदरगढ़ भिजवाया। जहां से मिंटो कुमारी, नीलम व हर्ष को केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।