असंद्रा (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के मोतिकपुर गांव में आपसी विवाद के दौरान दादी की पिकअप से कुचलकर हत्या करने वाले युवक को पुलिस ने अस्पताल से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पिकअप भी बरामद हो गई है, जिसे पुलिस ने सीज कर कब्जे में ले लिया है। अभी चार आरोपी फरार है। वहीं मृतका के घर में चूल्हा नहीं जला। गांव में पुलिस का पहरा है।
असंद्रा थाना क्षेत्र के मोतिकपुर गांव में रउफ व रईस की अपने सगे भाई अब्दुल गफ्फार से रंजिश चल रही है। बुधवार को दोपहर अब्दुल गफ्फार की भैंस खेत में चले जाने के बाद रउफ व रईस के परिवार से विवाद हो गया था। मारपीट व बवाल के दौरान रउफ के पुत्र मुस्कान ने अब्दुल गफ्फार कर पत्नी कबीतुलनिशा को घर के सामने ही अपनी पिकअप से कुचल कर मार डाला था। इसके बाद मुस्कान की जमकर पिटाई कर दी गई थी।
पुलिस ने घायल मुस्कान को अस्पताल में भर्ती कराया था। मुस्कान समेत पांच लोगों पर हत्या व साजिश रचने का केस दर्ज हुआ था। हालत में कुछ सुधार होने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी मुस्कान को गिरफ्तार कर लिया। उधर, घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा है। मृतका के घर चूल्हा तक नहीं जला। रिश्तेदार व परिचित सांत्वना दे रहे हैं। असंद्रा थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि आरोपी मुस्कान को जेल भेज दिया गया है। वहीं, गांव में पुलिस निगहबानी कर रही है।