बाराबंकी। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में बीस दिन पहले बीयर में कीटनाशक मिलाकर एक युवक को पिलाने का गंभीर आरोप अब युवक की मौत में बदल गया है। इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को युवक राजू (26) ने दम तोड़ दिया। हैरानी की बात यह है कि घटना के तुरंत बाद युवक ने स्वयं पुलिस को प्रार्थना-पत्र देकर आपबीती बताई थी। अब मौत के बाद परिजनों ने ससुरालियों पर लाखों रुपये की मांग करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
परिजनों के मुताबिक फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के बुधियापुर निवासी राजू का विवाह लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व सीतापुर जिले के सिधौली थाना क्षेत्र की एक युवती से हुआ था, लेकिन पत्नी मायके में रह रही थी। राजू के भाई सतेन्द्र ने बताया कि 14 नवंबर को ससुराल पक्ष के लोग राजू को अपने साथ बुलाकर ले गए। रास्ते में उससे मारपीट की गई और जबरन बीयर में कीटनाशक मिलाकर पिला दिया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिवारजन राजू को जिला अस्पताल ले गए, जहां से उसे लखनऊ रेफर किया गया। स्थिति में कुछ सुधार होने पर उसे बाराबंकी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को राजू को घर लाया गया, लेकिन रात में उसकी तबीयत फिर खराब हुई और बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। फतेहपुर कोतवाल संजीत कुमार सोनकर ने बताया कि मृतक द्वारा पहले दिया गया शिकायत-पत्र रजिस्ट्री के माध्यम से प्राप्त हुआ था। उसी के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।