बाराबंकी। एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की है।
नगर कोतवाली अंतर्गत ग्राम पंचायत बस्ती मजरे बस्तीपुरवा निवासी रमेश उर्फ रमई (34) पुत्र शिवलाल ने मंगलवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। वह मंगलवार को पत्नी के साथ धान काटने के लिए गया था मगर शाम को जल्दी घर लौट आया। जबकि पत्नी मीरा देर तक धान की कटाई कर रही थी। जब वह घर लौटी तो देखा कि कमरे में लोहे के पाइप में रस्सी से बंधे फांसी के फंदे पर रमेश का शव लटका था।
मीरा के रोने-बिलखने पर गांव वाले इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे गदिया चौकी प्रभारी अखंडदेव मिश्र ने शव फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार मृतक रमेश के पास मात्र तीन बीघे खेती थी। उसके परिवार में पत्नी, पुत्री खुशी (10) व पुत्र सूरज (1) है।
आर्थिक तंगी के कारण रमेश परेशान रहता था। लॉकडाउन से उसे मजदूरी भी नहीं मिल रही थी। पुत्री खुशी को रिश्तेदार के यहां रखकर पढ़ाई कराता था। चौकी इंचार्ज अखंडदेव मिश्र ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।