लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर हुए हादसे में क्षतिग्रस्त कार। -संवाद
बड्डूपुर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र बड्डूपुर में लखनऊ-महमूदाबाद हाईवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक व कार में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार बुजुर्ग व युवक की मौत हो गई। बुजुर्ग के पुत्र समेत दो लोगों की हालत गंभीर है। कार के परखचे उड़ गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करवाया।
बहराइच जिले के हरदी थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी राम प्रसाद तिवारी (80) को शनिवार सुबह उनके पुत्र चुनऊ तिवारी (55) इलाज के लिए लखनऊ ले जा रहे थे। कार में उनके साथ बहराइच के ही बहदुरिया गांव निवासी नाती आनंद बाजपेयी (36) व नाती के दोस्त खैरीघाट थाना क्षेत्र के बदरका निवासी नीरज बाजपेयी (30) बैठे थे।
सुबह करीब नौ बजे बड्डूपुर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर सागर पब्लिक स्कूल के पास लखनऊ की ओर से गैस सिलिंडर लादकर आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की कार से भिड़ंत हो गई। हादसे में कार के परखचे उड़ गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और कार के अंदर फंसे चारों लोगों को निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा।
चारों की हालत गंभीर देख वहां से केजीएमयू स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान कुछ ही देर में रामप्रसाद तिवारी व नीरज उर्फ उमेश बाजपेयी की मौत हो गई। चुनऊ तिवारी व आनंद का इलाज जारी है।
इधर, हादसे के बाद यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन से कार और ट्रक को हटवाकर यातायात बहाल करवाया। बड्डूपुर के थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई। बहराइच से परिजन सीधे लखनऊ पहुंचे। वहीं पर पोस्टमार्टम किया जाएगा।