बाराबंकी। बाराबंकी-बहराइच नेशनल हाईवे पर रामनगर इलाके के दुर्गापुर मोड़ के पास बुधवार सुबह टैंकर की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक पर बैठी युवक की प्रेमिका हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक टैंकर छोड़कर भाग गया।
पुलिस के अनुसार बहराइच जिले के फखरपुर इलाके के छेदीपुरवा निवासी अनिकेत (20) चार भाइयों में तीसरे नंबर थे। मंगलवार को अपने बड़े भाई शोभित की साली को लेकर बड़नपुर गांव अपने रिश्तेदार के घर आए थे। बुधवार सुबह करीब आठ बजे वह अपनी बाइक से रोशनपुरवा निवासी साली संतोषी वर्मा (20) के साथ घर वापस आ रहे थे।
इस बीच बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर दुर्गापुर मोड़ के पास सामने से आए तेज रफ्तार इंडियन ऑयल के टैंकर की चपेट में बाइक आ गई। दोनों करीब 10 से 12 मीटर दूर घिसटते रहे। इसमें अनिकेत की पहियों के नीचे कुचलकर मौत हो गई, जबकि संतोषी गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस ने एंबुलेंस से संतोषी को सीएचसी रामनगर पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसएचओ रामनगर अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि टैंकर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।
शादी से पहले बिखर गए सपने
परिजनों ने बताया कि अनिकेत और संतोषी एक दूसरे से प्यार करते थे। दोनों शादी करना चाहते थे। युवती के घर वाले इस रिश्ते को लेकर तैयार नहीं थे। मंगलवार को वह युवती को शादी करने के मकसद से ही घर से लेकर निकला था। बुधवार सुबह उसने फोन पर साली के परिवारीजन से बात की। वे लोग भी शादी के लिए तैयार हो गए थे। शादी करने के आश्वासन पर ही अनिकेत संतोषी के साथ घर वापस लौट रहा था।