दरियाबाद ब्लॉक परिसर के बाहर अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे किसान संगठन के पदाधिकारी।
दरियाबाद (बाराबंकी)। ग्राम सचिवालयों को संचालित कराए जाने सहित अन्य मांगें न माने जाने से नाराज भारतीय अवस्थी किसान संगठन के कार्यकर्ताओं ने दरियाबाद ब्लॉक परिसर के बाहर पंडाल लगाकर मंगलवार से भूख हड़ताल शुरू कर दी।
संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केके शुक्ला ने बताया कि दो सप्ताह पहले बीडीओ को 11 सूत्री मांगपत्र दिया गया था, लेकिन उसपर कोई कार्रवाई नहीं की गई, ऐसे में अनशन पर बैठना पड़ा है। पांच कार्यकर्ता अनशन पर बैठे हैं, अन्य कार्यकर्ता उनके साथ हैं।
उन्होंने कहा कि ग्राम सचिवालयों में पंचायत सहायकों की तैनाती है। कंप्यूटर सिस्टम भी दिए गए हैं, लेकिन अधिकांश ग्राम सचिवालय बंद रहते हैं। ग्रामीणों को परिवार रजिस्टर की नकल, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र व अन्य कार्यों के लिए परेशान होना पड़ता है। सामुदायिक शौचालयों में भी ताले लगे हैं। जबकि केयर टेकर को मानदेय दिया जा रहा है। गो आश्रय स्थलों की दशा बहुत ही दयनीय है। बेसहारा पशु खेतों में चर रहे हैं। इससे किसान परेशान हैं। पात्र आवास पाने के लिए भटक रहे हैं।
इस संबंध में बीडीओ मोनिका पाठक ने बताया कि किसान संगठन की सभी मांगों के मद्देनजर संबंधित सचिवों को निर्देशित कर दिया गया है। इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष संतोष तिवारी, तहसील उपाध्यक्ष सिरौली गौसपुर रंजीत यादव, तहसील अध्यक्ष रामसनेहीघाट धर्मदास रावत और ब्लॉक अध्यक्ष दरियाबाद दयाशंकर सहित कई मौजूद रहे।