सूरतगंज। मोहम्मदपुर खाला थाना के ग्राम पारा निवासी मजदूर की झोलाछाप के इलाज के बाद मौत हो गई। परिजन ने गलत इंजेक्शन लगाने से मौत का आरोप लगाकर थाने में शिकायत की। पुलिस ने मौत का सही कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पारा निवासी रामलाल (47) गांव में मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। पत्नी हुलासा देवी ने बताया कि रामलाल को शरीर में दर्द की शिकायत थी। बृहस्पतिवार देर रात वह गांव में झोलाछाप के पास इलाज कराने गए थे। झोलाछाप ने उन्हें इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ देर बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी। सीएचसी ले जाने की तैयारी की जा रही थी, तभी मौत हो गई।
पत्नी का कहना है कि परिवार में उनके अलावा चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। रामलाल की मजदूरी के पैसों से ही घर का खर्च चलता था। अब परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट है। मोहम्मदपुर खाला थानाध्यक्ष मनोज सोनकर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।