सफदरगंज (बाराबंकी)। विवाहिता की मौत के मामले में दर्ज मुकदमे में पति का नाम न होने से नाराज परिजन व ग्रामीण रविवार को शव लेकर सफदरगंज थाने में गए और जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में अधिकतर महिलाएं थीं। हंगामा देख पुलिसकर्मियों के हाथ पांव-फूल गए। विवेचना में पति का नाम शामिल करने के आश्वासन पर प्रदर्शन खत्म किया गया।
सफदरगंज थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव के राहुल कुमार की पत्नी शिवानी (22) का शव शनिवार को कमरे के अंदर साड़ी के फंदे से लटका मिला था। मृतका के पिता रामसहाय व गांव निवासी राकेश वर्मा ने ससुरालियों द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने ससुर रामकुमार, सास संजू, दादी मीना देवी व दो देवर अजीत व अमन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया था।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शिवानी का शव लेकर परिजन गांव जाने के बजाय सफदरगंज थाने पहुंच गए। शववाहन थाने के सामने खड़ा करके करीब 50-60 महिलाएं व अन्य लोगों ने थाना घेर लिया। हंगामे के बीच एसएसओ ब्रजेश कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर में पति का नाम नहीं था। मौके पर पहुंचे सीओ सदर सुमित त्रिपाठी ने भी परिजनों को समझाया और विवेचना के दौरान मुकदमे में पति का नाम शामिल करने का आश्वासन दिया तो प्रदर्शन समाप्त हुआ। इस दौरान करीब आधे घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा।