फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: मेंथा ऑयल की गंध से जगी महिला, चोर को कमरे में किया बंद

Wed, 06 May 2026 02:10 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। बड्डूपुर क्षेत्र के गौरा भारी गांव में सोमवार की रात एक बेहद फिल्मी और रोमांचक वाकया सामने आया। यहां एक किसान के घर में घुसे चोर के मंसूबे को मेंथा ऑयल की गंध ने बिगाड़ दिया। अपनी सूझबूझ और अदम्य साहस का परिचय देते हुए घर की बहू ने चोर को कमरे में ही कैद कर दिया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।
विज्ञापन

गौरा भारी गांव निवासी किसान नरेश लाल शुक्ला ने बताया कि घर में सोमवार देर रात एक चोर दाखिल हुआ। घर में रखे कीमती जेवरात, नकदी समेटने के बाद मेंथा ऑयल से भरा कनस्तर उठाने लगा। पुराना और क्षतिग्रस्त होने के कारण कनस्तर से तेल रिसकर फर्श पर फैल गया। मेंथा ऑयल की गंध इतनी तेज और तीखी होती है कि वह तुरंत पूरे घर के वातावरण में फैल गई।
इसी गंध ने नरेश लाल की बहू मीनू की नींद उड़ा दी। नींद खुलने पर मीनू को कुछ संदिग्ध आहट सुनाई दी। उसने बिना घबराए और बिना शोर मचाए दबे पांव उस कमरे की ओर रुख किया जहां से आवाज आ रही थी। मीनू ने जब कमरे में झांककर देखा, तो वहां एक युवक चोरी की कोशिश कर रहा था। मीनू ने तुरंत फुर्ती दिखाई और बाहर से कमरे की कुंडी चढ़ा दी।
विज्ञापन

इसके बाद उसने शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने जब कमरा खोला, तो चोर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। सूचना मिलते ही बड्डूपुर पुलिस भी गांव पहुंच गई। बड्डूपुर के थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव के ही रहने वाले अंकित के रूप में हुई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि मीनू ने समय रहते हिम्मत न दिखाई होती, तो चोर घर से लाखों का माल समेट कर फरार हो सकता था। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मीनू की बहादुरी की चर्चा हो रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें