बाराबंकी। विकास खंड सूरतगंज में तैनात पंचायत सचिव पुष्पा मिश्रा को तीसरी बार गोली मारने की धमकी मिली है। दो बार मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होन से सचिवों में आक्रोश व्याप्त है। पुष्पा मिश्रा ने शनिवार को मोहम्मदपुर खाला पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पांच जून को उनके मोबाइल फोन पर तीसरी बार धमकी भरा संदेश आया। इसमें अपशब्दों के साथ उन्हे गोली मारने की बात लिखी है। इससे पहले 10 मई 2025 और 15 फरवरी 2026 को भी ऐसे ही संदेश आए थे, जिनकी रिपोर्ट दर्ज की गईं थी। पुलिस की जांच में सुल्तानपुर के एक युवक का नाम सामने आया था, लेकिन आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ। अब तीसरी बार धमकी मिलने से सचिव दहशत में है। एसएचओ अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।