रामनगर (बाराबंकी)। कोतवाली क्षेत्र रामनगर के दलसराय गांव में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृत्यु से पहले उसका पति से विवाद हुआ था। मृतका के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने इस संबंध में परिजनों की तरफ से कोई तहरीर न मिलने की बात कहते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।
रामनगर के दलसराय निवासी देवदत्त की पत्नी संगीता (43) रविवार सुबह अपने कमरे में मृत पाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पूर्व पति पत्नी में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इस दौरान हुई मारपीट में महिला को चोट भी लगी थी। रामनगर के कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सुबह अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
सूचना पर मृतका के मायके दरियाबाद के रानीमऊ से भाई व अन्य लोग भी आ गए थे लेकिन किसी ने भी इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर नही दी है। कोतवाल ने बताया कि प्रथम मृतका व उसका पति दोनों शराब के नशे में मिले थे। आशंका जताई कि ज्यादा शराब पीने से भी मौत हो सकती है। मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मृतका के दो पुत्र अमन व लल्ला व पुत्री नेहा हैं।