दरियाबाद (बाराबंकी)। नगर पंचायत दरियाबाद में चेयरमैन के देवर व सभासदों के बीच चल रही रार पुलिस तक पहुंच गई है। सभासदों ने चेयरमैन के देवर व उसके साथियों पर जान से मारने की धमकी देने एवं महिला सभासदों के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर पंचायत दरियाबाद के सभासदों ने तीन दिन पहले ईओ को शिकायती पत्र देकर चेयरमैन रुकसाना बानो के देवर सरफराज कुरैशी पर सरकारी कार्याें में दखलंदाजी, वार्डाें के कार्याें को प्रभावित करने व गुंडागर्दी करने जैसे आरोप लगाए थे। इसी के बाद सभासद निसार, करीम, धर्मेंद्र के अलावा कई महिला सभासदों ने पत्र कोतवाली में दिया, जिसमें इन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत करने के बाद सरफराज कुरैशी, निहाल मलिक निवासी छीपी, अजहर उर्फ पुतान निवासी मखदूम जागदान व चेयरमैन के गुर्गाें ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
महिला सभासदों ने सरफराज पर घर बुलाकर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। सभासद निसार ने बताया कि शिकायत करने वाले सभासदों को लगातार धमकियां दी जा हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चेयरमैन के देवर, अजहर, निहाल एवं चेयरमैन के गुर्गाें पर छेड़छाड़, मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। एसएचओ जगदीश प्रसाद ने बताया कि मामलेे की जांच की जा रही है।