मसौली कस्बा स्थित एक घर में सोमवार की रात आग लगने के बाद जला सामान।
- फोटो : अमर उजाला
आग से वर के घर की खुशियां मातम में बदल गई। रविवार रात वर पक्ष के घर मसौली कस्बे में महिलाएं घर की छत पर मंगल गीत गाने के बाद देवताओं की रश्म अदा करने नीचे आई तो देखा कमरे से धुआं निकल रहा है।
धुआं निकलते देख घर में कोहराम मच गया। शोर सुनकर ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के लिए दो घंटे की कड़ी मशक्कत की, लेकिन तब तक वर पक्ष का घर जलकर राख हो गया। ये हादसा तब हुआ जब वधू पक्ष के घर वर-वधू फेरे ले रहे थे।
मसौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थानीय कस्बा निवासी ओमप्रकाश कश्यप के पुत्र विपिन की बारात रविवार को दरियाबाद क्षेत्र के ग्राम मानपुरवा को गई थी। ओम प्रकाश के घर पर सिर्फ महिलाएं ही थीं। रविवार की रात करीब 12 बजे महिलाएं छत पर गाना गा रही थीं।
आधी रात के बाद रस्म अदा करने के लिए निकलीं तो देखा कि एक ताला लगे कमरे से धुआं तेजी से निकाल रहा था। यह देख महिलाओं ने इसकी सूचना आस-पास के ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने शॉर्ट सर्किट होता देख पहले विद्युत उपकेंद्र मसौली से आपूर्ति बंद कराई। ग्रामीणों की सूचना के बावजूद दमकल कर्मी मौके पर नहीं पहुंच सके।
ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते कमरे में रखी एक लाख रुपये की नकदी, शादी में आईं महिलाओं के जेवर व घर की गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। सोमवार को ओमप्रकाश ने मामले की सूचना राजस्व कर्मियों को दी। लेकिन नुकसान का आकलन करने मौके पर कोई नहीं पहुंचा।
छप्पर में आग से दस हजार का नुकसान
सिरौलीगौसपुर। क्षेत्र के तुलीपुर मजरे पजरौली निवासी रामू व झगरू के छप्परनुमा घरों में सामेवार को अचानक आग लग गई। ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते दोनों घरों से करीब 10 हजार रुपये की नकदी समेत राशन व कपड़े जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने आग फैलने पर काबू पा लिया।