बाराबंकी। झमाझम बारिश और ओला गिरने से सोमवार को भले ही मौसम सुहाना हो गया हो, लेकिन शहर के कई मोहल्लों में हुए जलभराव से लोगों का खासी दिक्कताें का सामना करना पड़ा। सुबह नौ बजे के आसपास आसमान में काले बादल घिर आए और एकदम अंधियारा छा गया। कुछ लोग वाहनों की लाइट जलाकर निकले तो कुछ सड़क किनारे खड़े हो गए।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम के निकट, जनेस्मा, ओबरी और आलापुर के पास पेड़ गिरने से आवागमन करीब एक घंटे तक बाधित रहा। लखपेड़ाबाग, दीनदयालनगर, बाल विहार कॉलोनी, लक्ष्मणपुरी कॉलोनी में जलभराव से लोग पूरा दिन परेशान रहे। इसके अलावा बस स्टेशन, जनेस्मा के निकट, जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, नाका पैसार आदि स्थानों पर जलभराव से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
त्रिवेदीगंज क्षेत्र में निकासी नाली न होने से घरों का दूषित पानी सीधे हाईवे पर भर गया। भिलवल के पास लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर नाला जाम होने से लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। कोटवाधाम और सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र में भी तेज हवाओं व बारिश से कई पेड़ टूटकर सड़कों पर गिरे, जिससे यातायात बाधित हुआ।
खजुरी से दरियाबाद और कोटवाधाम से कोटवा सड़क मार्ग पर गिरे पेड़ों को स्थानीय लोगों ने हटाया। खजुरी के पास एक बाग में आकाशीय बिजली गिरी, पर कोई जनहानि नहीं हुई। सहादतगंज में खीरा, ककड़ी, लौकी, तोरई और अन्य हरी सब्जियों को भारी नुकसान हुआ। रामसनेहीघाट क्षेत्र में सोमवार सुबह हुई बारिश के बाद जलभराव की समस्या गंभीर हो गई। कोटवा सड़क और मोहम्मदपुर कीरत के पास लखनऊ अयोध्या हाईवे पर पानी भरने से राहगीरों को परेशानी हुई। दरियाबाद के जेठौती कुर्मियान गांव में बिजली गिरने से एक भैंस मर गई।
फसलों पर दोहरी मार
किसानों की टमाटर, खरबूजा, खीरा, तरबूज और भिंडी सहित कई फसलों को नुकसान हुआ है। मोहम्मद गफ्फार ने बताया कि मौसम दो-तीन बार खराब हो चुका है। उन्होंने आशंका जताई कि आगे और बारिश हुई तो हरी सब्जियां सड़ जाएंगी और खेतों में पानी भरा रहने से मेंथा की फसल को भी नुकसान होगा। इस बेमौसम बारिश और आंधी ने किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
कहां कितनी हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार साेमवार को सबसे अधिक बारिश तहसील फतेहपुर में 60 मिमी, सदर तहसील नवाबगंज में 56 मिमी, रामसनेहीघाट में 36 मिमी, रामनगर में 24 मिमी, सिरौलीगौसपुर 14 मिमी और हैदरगढ़ में 2 मिमी बारिश रिकार्ड दर्ज की गई।