बाराबंकी। आपूर्ति लाइन में रिसाव के चलते शहर के चार प्रमुख मोहल्लों के सैकड़ों घरों में 24 घंटे से पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे परेशान लोगों को गुरुवार शाम तक राहत नहीं मिल सकी थी। वैसे पाइप लाइन को दुरुस्त करने का काम देर शाम तक जारी था।
यह समस्या जलापूर्ति पाइप लाइन में नाका चौराहे से धनोखर मार्ग पर रिसाव के चलते बुधवार रात से बनी थी। रिसाव के कारण मोहल्ला कानून गोयान, सरावगी, कटरा व पीरबटावन के सैकड़ों घरों में पानी की आपूर्ति बहुत कम हो पा रही है। लोगों का कहना हैं कि एक बाल्टी पानी भरने में काफी समय लग रहा है। ऐसे में पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इससे करीब 15 हजार आबादी गुरुवार शाम तक प्रभावित थी। शिकायत के बाद पहुंची नगर पालिका की टीम ने सड़क पर खोदाई कर पाइप लाइन को दुरुस्त करने का काम शुरू कराया। इसके चलते गुरुवार दोपहर में पानी की सप्लाई बंद कर दी गई। शाम तक पाइप लाइन ठीक न होने से लोगों की परेशानी बनी थी। जलकल अभियंता बीके श्रीवास्तव ने बताया कि लीकेज को दुरुस्त करने का काम पूरा होने वाला है। देर रात तक जलापूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है।