बाराबंकी। लगातार हो रही बारिश के बीच जिले में सरयू नदी का जलस्तर बढ़-घट रहा है लेकिन नदी अपने तेवर दिखाने लगी है। सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र में तेलवारी व इटहुआ पूर्व गांव के पास कटान तेज होने से नदी किनारे की झोपड़ियां निशाने पर आ गई हैं। ग्रामीणों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया है ताकि बाढ़ आने पर सुरक्षित निकल सकें। वहीं, एडीएम व एसडीएम ने रामनगर तहसील क्षेत्र में बांध का निरीक्षण कर राहत कार्यों का फीडबैक लिया।
पिछले कई दिनों से सरयू का जलस्तर घट-बढ़ रहा है। शुक्रवार को नदी का जलस्तर एल्गिन ब्रिज पर 105.126 मीटर पहुंच गया था जो चेतावनी बिंदु से पांच सेंटीमीटर ऊपर था लेकिन रात में पानी कम हो गया। पूरे दिन जलस्तर कम ही रहा और शनिवार शाम को 104.936 मीटर पर पहुंच गया जबकि खतरे का निशान 106.070 मीटर पर है।
जलस्तर बढ़ने-घटने से नदी कटान कर रही है। तेलवारी व इटाहुआ पूर्व गांव के पास नदी झोपड़ियों से कुछ कदम दूर रह गई है। तटवर्ती गांवों में बाढ़ का खतरा ज्यादा है। लगातार हो रही बारिश से आने वाले दिनों में जलस्तर बढ़ने का अनुमान जताया जा रहा है। नाव व बाढ़ चौकी सहित अन्य बचाव कार्य नदारद दिखाई दे रहे है।
एसडीएम सिरौलीगौसपुर आनंद तिवारी ने बताया कि कटान के संबंध में बाढ़ खंड को अवगत कराकर टीम लगाई जा रही है। वहीं, एडीएम अरुण कुमार ने रामनगर के एसडीएम पवन कुमार के साथ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। कुसौरा गांव में लगाए गए जियो ट्यूब देखे। एडीएम ने निर्देश दिए कि बाढ़ को लेकर लेखपालों की टीम लगातार निगरानी में लगी रहनी चाहिए।