देवा। मोहम्मदपुर माइनर रविवार को कट जाने से पानी तेजी से खेतों में भर रहा है। इससे उन किसानों को तो फायदा है जिन्होंने अपने खेत धान की रोपाई के लिए जोतकर छोड़े थे, लेकिन उन किसानों के लिए नुकसान है जिनके खेतों में सब्जी व धान की नर्सरी लगी थी। खाली खेतों की जोताई भी नहीं हुई थी।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पंडित पुरवा मजरे विशुनपुर निवासी दो किसान सिंचाई के लिए मोहम्मदपुर माइनर में पाइप डाल रहे थे। इसी दौरान माइनर क्षतिग्रस्त हो गई और तेज बहाव के कारण पानी खेतों में फैल गया। सिंचाई विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम शुरू कराया। सिंचाई विभाग के जेई बद्री विशाल ने बताया कि माइनर कटने की सूचना मिलते ही टीम भेजकर तत्काल मरम्मत कराई गई।
बिशुनपुर पुलिस चौकी प्रभारी संजय प्रसाद ने बताया कि नहर कटने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। फिलहाल नुकसान के संबंध में किसी भी किसान की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।