शनिवार को रामनगर तहसील के निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने यह लापरवाही पकड़ी। सीएचसी पर नेत्र सहायक नहीं आने और वेतन का भुगतान होने पर सीएमओ को कार्रवाई के निर्देश दिए।
इससे पहले उन्होंने डीआरडीए में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। प्रमुख सचिव राजस्व सुरेश चन्द्रा बैठक के बाद रामनगर के लोहिया गांव गर्री पहुंचे और चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं।
निर्माणाधीन परियोजनाओं को देखा। तहसील रामनगर पहुंचे प्रमुख सचिव ने जांच में पाया कि एसडीएम और तहसीलदार की अदालतों में काफी समय से मामले लंबित पडे़ हैं। उनका निस्तारण नहीं हो रहा है।
इस पर दोनों अधिकारियों को फटकार लगाई। कार्यशैली में सुधार और वादों के निस्तारण में तेजी लाने के आदेश दिए।पानी टंकी के संचालित न होने पर डीएम को निर्देश दिए। सीएचसी रामनगर पहुंचे प्रमुख सचिव ने देखा कि एक्सरे मशीन नहीं होने पर भी टेक्नीशियन की तैनाती है।
नेत्र सहायक ड्यूटी पर आता नहीं और वेतन बराबर निकाला जा रहा है। इसकी जांच करने के आदेश सीएमओ को दिए। इस मौके पर डीएम योगेश्वर राम मिश्र, सीडीओ, डीडीओ, बीएसए समेत कई अधिकारी मौजूद थे।