बाराबंकी। पिछले 24 घंटे के दौरान जिले भर में 34.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इनमें सबसे ज्यादा फतेहपुर में 90 एमएम एवं सबसे कम रामसनेहीघाट में चार एमएम बारिश हुई। बारिश के बीच सफदरगंज थाना क्षेत्र में दीवार गिरने से मां-बेटे जख्मी हो गए। शहर के कई मोहल्लों में पानी भर गया है। करीब 15 स्थानों पर पंपिंग सेट लगाकर जलनिकासी कराई जा रही है। कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी जलभराव से लोग परेशान हो रहे हैं।
सफदरगंज थाना क्षेत्र के केवलापुर निवासी मेवालाल के घर के बाहर एक कच्ची दीवार पर जानवर बांधने के लिए छप्पर रखा था। रविवार दोपहर मेवालाल की बहू पूनम (30) व उसका पुत्र आयुष (6) छप्पर के नीचे गए थे। तभी कच्ची दीवार गिरने से मां-बेटे मलबे के नीचे दब गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा। दोनों को गंभीर चोट आई है।
शनिवार रात से रविवार सुबह तक लगातार बारिश के चलते शहर के लक्ष्मणपुरी, पटेल महिला डिग्री कॉलेज के पीछे, विजय नगर में खाली प्लाटों में पानी भर गया है। खलरिया व बड़ेल समेत तमाम निचले इलाकों में पहले से पंप लगाकर जलनिकासी कराई जा रही है।
मोहारीपुरवा, लच्छूनगर व श्रीरामजानकीनगर समेत कई और मोहल्लों में सड़कों एवं कच्चे रास्तों पर पानी भर गया है। पल्हरी चौराहे के पास कोल्ड स्टोरेज, खाली प्लाट व रास्ते लबालब हैं। जीआईसी ऑडिटोरियम मैदान में भी पानी भरा है।
फतेहपुर में तहसील, सीएचसी व मोहल्ला काजीपुर में रास्तों में पानी भरा है। यहां नालियां साफ न होने से समस्या बनी हुई है। निंदूरा, कुर्सी क्षेत्रों में लगातार 12 घंटे तक बारिश होने से सड़कों पर वाहनों का आवागमन कम है।
हैदरगढ़ व रामनगर तहसील क्षेत्र के कई मोहल्ले व गांवों के लोग पानी भरने के कारण घरों से नहीं निकल पा रहे हैं। त्रिवेदीगंज क्षेत्र के दहिला पोखरा मार्ग पर पेड़ गिरने के कारण तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा। हैदरगढ़ के मोहल्ला सब्जीमंडी में जलभराव हो गया था, रविवार सुबह नगर पंचायत प्रशासन ने पंपिंग सेट लगा कर पानी निकलवाया।