कोठी (बाराबंकी)। कोठी थाना क्षेत्र के बरईखेड़ा गांव में मंगलवार सुबह एक पुरानी दीवार गिरने से उसके मलबे में दबकर महिला की मौत हो गई। घटना के वक्त महिला मवेशियों को चारा देने गई थी। अचानक हुई इस घटना से परिवारजनों में कोहराम मचा रहा।
बरईखेड़ा मजरे मीरापुर गांव निवासी प्रदुम तिवारी की पत्नी ऊषा देवी (53) का एक पुराना मकान है जबकि वह बेटे अंकित को मिले प्रधानमंत्री आवास में रहती है। पुराने मकान के पास मवेशी बांधे जाते हैं। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे पत्नी पशुओं को चारा देने गई थी। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले दिनों में हुई बरसात के कारण पुराने मकान की एक दीवार काफी जर्जर हो गई थी।
महिला चारा उठाकर मवेशियों को देने ही जा रही थी कि पुरानी दीवार भरभरा कर गिर पड़ी और ऊषा मलबे में गई। दीवार गिरने की आवाज सुन परिवारजन दौड़े और मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला। आननफानन सीएचसी कोठी ले जाया गया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गांव पहुंचे हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत ने परिवारजनों को ढांढस बंधाया और एसडीएम से वार्ता कर जांच कर आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही।