बाराबंकी। त्योहारों के मौसम में ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ करीब 30 फीसदी तक बढ़ गई है। बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर ठहराव करने वाली कई ट्रेनों में वेटिंग कुछ दिन पहले से शुरू हो गई है। दीपावली व छठ पूजा तक हालात और मुश्किल भरे होंगे। भीड़ को देखते हुए रेलवे ने गोमतीनगर-नकहा जंगल एक्सप्रेस को शुक्रवार से बहाल कर दिया। इससे करीब एक हजार यात्रियों को रोजाना राहत मिलेगी।
जिले के हजारों लोग दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, पंजाब आदि प्रांतों में नौकरी व मजदूरी करते हैं। नवरात्र के बाद इन लोगों की घर वापसी होती है। बाराबंकी से होकर गुजरने वाली ट्रेनों से बिहार के हजारों लोग छठ पूजा में घर लौटते हैं। त्योहार का मौसम आते ही ट्रेनों में 30 फीसदी यात्री बढ़ गए हैं। इनकी संख्या बढ़ती ही जा रही है। बिहार और पूर्वोत्तर की ओर जाने वाली ट्रेनों में वेटिंग ज्यादा है। लखनऊ जंक्शन-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस की सेकेंड सीटिंग क्लास में वेटिंग 26 तक है। दो सप्ताह पहले ही वैशाली एक्सप्रेस में वेटिंग 400 के पार, थर्ड एसी इकोनोमी में 35 से अधिक, एसी थर्ड में 200 व एसी सेकेंड में 72 से 91 तक चल रही थी।
वहीं, लखनऊ मंडल के बुढ़वल-सीतापुर रेल खंड पर कार्य के चलते निरस्त की गई गोमतीनगर-नकहा जंगल एक्सप्रेस को शुक्रवार से बहाल कर दिया गया। बाराबंकी रेलवे स्टेशन के अधीक्षक अरुण रायजादा बताते हैं कि भीड़ बढ़ने लगी है। मगर अभी तमाम ट्रेनों में सीटें खाली हैं। यात्री तेजी से ऑनलाइन बुकिंग करा रहे हैं।
देवा मेला में बढ़ेगी भीड़, बाहर से मांगी फोर्स
30 अक्तूबर से शुरू हो रहे देवा मेला को लेकर रेलवे ने तैयारी पूरी कर ली है। जरूरत पड़ी तो अलग से काउंटर भी खोले जा सकते हैं। 10 दिन तक चलने वाले देवा मेला के दौरान बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर भीड़ बढ़ेगी। इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी चाकचौबंद की जा रही है। रेलवे स्टेशन पर स्थित जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मेले को देखते हुए बाहर से अतिरिक्त फोर्स की मांग की गई है।