बाराबंकी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में इस बार 23 लाख छह हजार 26 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर ग्राम पंचायत की सरकार बनाएंगे। सबसे अधिक मतदाता निंदूरा तो सबसे कम पूरेडलई ब्लॉक क्षेत्र में हैं। अंतिम प्रकाशन के बाद तहसीलों और ब्लॉकों को मतदाता सूची भेजी गई है। कई गांवों में मतदाताओं के नाम काटने की शिकायतों का दौर जारी है।
निर्वाचन कार्यालय द्वारा जिले में कुल मतदाताओं की संख्या जारी कर दी गई है। इस बार 23 लाख छह हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। लेकिन इसके बाद भी कई मतदाताओं के नाम काटने की शिकायतें जिलाधिकारी व राज्य निर्वाचन आयोग से की जा रही है। उधर निर्वाचन विभाग ने तहसीलों और ब्लॉकों को अंतिम मतदाता सूची उपलब्ध कराने का दावा किया है।
ब्लॉक वार बढ़े मतदाता
रामनगर-142780, सूरतगंज-173902, फतेेहपुर-174937, निंदूरा-182306, मसौली-146562, बंकी-140467, देवा-56162, हरख-140772, दरियाबाद-140202, बनीकोडर-184391, पूरेडलई-106256, हैदरगढ़-151452, त्रिवेदीगंज-145248, सिद्धौर-175915, सिरौलीगौसपुर-144674
सूची से काट दिए गए सैकड़ों नाम
दरियाबाद ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरहुवां में दर्जनों लोगों ने डीएम और राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि बीएलओ द्वारा तीन सौ से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से काट दिए गए। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। गांव के वोटर शाकिर, सईद, तफसीर, बसीर, सालिकराम, विद्यापति, दरजऊ प्रसाद, अच्छेलाल, नफीस, पूजा, तौफिल, कलीम, रिजवान आदि ने मतदाता सूची से अपना नाम कटने का आरोप लगाया है।
मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन के बाद कुल 23 लाख छह हजार मतदाता हैं। इसके बाद भी किसी का नाम सूची में नहीं है तो वह तहसील में प्रार्थना पत्र दे सकता है। जांच के बाद पात्र मिलने पर नाम शामिल हो जाएगा।
-डॉ. राजेश कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी