बाराबंकी। सवा महीने से बिजली न मिलने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। रविवार को ग्रामीणों ने त्रिलोकपुर चौराहा मुख्यमार्ग जाम कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने एक अनुबंधित बस का शीशा तोड़ दिया और राहगीरों से अभद्रता की। डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान लोगों ने राज्यमंत्री व क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ भी नारेबाजी की। बुजुर्गों के समझाने पर लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली में सुधार नहीं हुआ तो विद्युत बिल भुगतान कैंप के कर्मचारियों का बंधक बना लेंगे।
पिछले दस मई से एक घंटे भी बिजली न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने त्रिलोकपुर चौराहा पर मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कस्बावासी रिजवान अलवी, निर्मल कुमार, अंकित नाग, लकी आदि ने बताया कि त्रिलोकपुर फीडर से पूरे कस्बे को विद्युत आपूर्ति की जाती है। इस फीडर पर पांच एमबीए का ट्रांसफार्मर रखा है, लेकिन यह लोड नहीं लेता। पहले हुुए प्रदर्शन में विभाग के अधिकारियों ने दस एमबीए का ट्रांसफार्मर रखने का आश्वासन दिया था, लेकिन दस मई के फिर से पांच एमबीए झमता का ट्रांसफार्मर रख दिया। शिकायतों के बाद भी इसे ठीक नहीं कराया जा रहा है जिसके चलते क्षेत्र में औसतन आधा एक घंटा ही बिजली मिल रही है। वह भी लोड के चलते चार-पांच बार कटती हैं। प्रदर्शन के दौरान परिवहन डिपो की अनुबंधित बस भी आ गई। कुछ युवकों ने बस का एक शीशा तोड़ दिया, लेकिन चालक व परिचालक युवाओं का आक्रोश देख शांत रहे। सुबह 11 बजे से चलेे डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने राज्यमंत्री अरविंद सिंह गोप के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यात्रियों की परेशानी देख कुछ बुजुर्गों ने लोगों को समझाया जिस पर प्रदर्शन समाप्त हो गया, लेकिन युवाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया तो कस्बा में 24 तारीख को लगने वाले विद्युत बिल वसूली कैंप में आने वाले कर्मचारियों को बंधक बनाएंगे और रोड जाम कर धरना प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर विनोद कुमार नाग, नीलू सोनी, राम सिंह, संतोष कुमार, दिनेश कुमार, सतीश, इस्लाम सहित कई लोग मौजूद रहे।