बदलीपुरवा गांव में मंगलवार को स्वाइन फ्लू से मौत होने के दूसरे दिन सीएमओ कार्यालय व सीएचसी जाटा बरौली की टीम इलाज करने के बजाए सिर्फ औपचारिकता निभाकर चली गई। सिर्फ पांच लोगों को दवा खिलाने से भड़के ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर डीएम से मामले की शिकायत कर गांव में शिविर लगाकर लोगों की जांच करने व दवाएं वितरण कराने की मांग की है।
मालूम हो कि बंकी ब्लॉक के बदलीपुरवा मजरे मौथरी निवासी राम सागर वर्मा की मौत स्वाइन फ्लू से होने व परिवार के ही पांच लोगों में इसके लक्षण मिलने पर पूरे गांव में दहशत है। सीएमओ के निर्देश पर जाटा बरौली अधीक्षक डॉ. कुलदीप मौर्य व सीएमओ कार्यालय से डॉ. डीपी सिंह के नेतृत्व में दो टीमें गांव भेजी गई।
ग्रामीण प्रदीप वर्मा, विजय प्रकाश, राममिलन, रामविलास, दिलीप कुमार, प्रेमचंद्र, रमेश चंद्र का आरोप है कि टीम गांव आई और मृतक के भाई को बुलाकर पांच लोगों की दवाएं देकर लौटने लगी। ग्रामीणों ने अन्य लोगों की जांच करने की बात कही तो कई डॉक्टरों ने मास्क न पहनकर आने की बात कहते हुए दोबारा आने की बात कहते हुए लौट गए।
जिससे भड़के ग्रामीणों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन करने लगे। भाजपा के मंडल अध्यक्ष बंकी प्रदीप वर्मा ने डीएम से शिकायत कर गांव में शिविर लगाकर लोगों का उपचार कराए जाने की मांग की है।