सफेदाबाद (बाराबंकी)। फेरी लगाकर घर लौट रहे एक बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत हो गयी। घर वालों को देर रात मिली मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक शहर कोतवाली क्षेत्र के सरथरा गांव निवासी मोहम्मद सईद (65) पुत्र फकीरे फेरी लगाकर रेवड़ी, पट्टी बेचता था। बुधवार की देर शाम जब वह फेरी लगाकर घर लौट रहा था तभी कुरौली के पास अयोध्या हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवारीजनों ने बताया कि जब वह देर रात तक घर नहीं आये तो खोज शुरू की गई। देर रात करीब एक बजे घर वालों को उनकी दुर्घटना में मौत होने की जानकारी हुई। इसके बाद परिवारीजनों में बुजुर्ग के असमय गुजर गाने से कोहराम मच गया। बुजुर्ग की माली हालत बहुत ही दयनीय थी। उन पर उनकी पत्नी सहित बच्चे भी आश्रित थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।