बाराबंकी। अयोध्या में कार्तिक पूर्णिमा मेले के चलते मंगलवार को लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर बड़े वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रही। सोमवार सुबह करीब छह बजे से से लागू रूट डायवर्जन मंगलवार को भी पूरे दिन जारी रहा। इस दौरान पुलिस ने बाराबंकी में कई जगहों से करीब 15 हजार ट्रक बड़े वाहनों को अयोध्या की ओर जाने से रोका। शाम 6:30 बजे डायवर्जन व्यवस्था समाप्त कर दिया गया। इससे पहले लखनऊ की ओर से अयोध्या और पूर्वांचल जाने वाले बड़े वाहनों को सीमा से ही रिंग रोड की ओर मोड़ दिया गया। यहां से उन्हें पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते गोरखपुर और पूर्वांचल के अन्य जिलों की ओर भेजा गया। वहीं, बाराबंकी शहर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को चौपुला तिराहे से बहराइच हाईवे की ओर डायवर्ट किया गया। हाईवे से जुड़ने वाले अन्य मार्गों पर भी पुलिस ने सख्ती बरती। एएसपी विवेक तिवारी ने बताया कि अयोध्या में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया था।