बाराबंकी। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित चार दिवसीय प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर बालिका हैंडबॉल का फाइनल मुकाबला बृहस्पतिवार को वाराणसी और आजमगढ़ के बीच खेला गया। इसमें वाराणसी की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आजमगढ़ की टीम को 17-8 से हराकर खिताब अपने नाम किया। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी अयोध्या मंडल अनिमेष सक्सेना और राजेश कुमार सोनकर ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता के तीसरे क्वार्टर फाइनल में आजमगढ़ ने मिर्ज़ापुर को 8-1 से हराया। संध्या और ज्योति ने तीन-तीन जबकि काजल ने दो गोल किए। चौथे क्वार्टर फाइनल में प्रयागराज ने बस्ती को 10-0 से शिकस्त दी। मानसी ने पांच, प्रीति ने तीन और रितिका ने दो गोल किए। इस तरह वाराणसी, अयोध्या, आजमगढ़ और प्रयागराज की टीमों ने सेमीफाइनल मुकाबलों में जगह बनाई।
पहले सेमीफाइनल में वाराणसी ने अयोध्या को 18-13 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इसमें सोनाली ने छह, अंशिका ने आठ और वर्षिका ने पांच गोल किए। अयोध्या की ओर से रिया ने पांच गोल किए। दूसरे सेमीफाइनल में आजमगढ़ ने प्रयागराज को 14-7 से हराया। इसमें संध्या ने आठ, साधना ने चार और ज्योति ने दो गोल किए। फाइनल मुकाबले में वाराणसी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत के साथ खिताब अपने नाम किया।