बाराबंकी। वैक्सीन की किल्लत जल्द खत्म होगी इसके आसार नजर नहीं आ रहे हैं। क्योंकि स्वास्थ्य विभाग को प्रतिदिन जितनी डोज की जरूरत है उतनी नहीं मिल पा रही है। सबसे ज्यादा दिक्कतें दूसरी डोज लगवाने आए लोगों को हो रही है। शुक्रवार को बूथों पर पहली डोज के अलावा दूसरी डोज लगवाने को आए लोगों को भी निराश होकर वापस लौटना पड़ा। क्योंकि ज्यादातर बूथों पर दोपहर बाद टीके खत्म हो जा रहे हैं।
कोरोना से बचाव का सबसे सुरक्षित माध्यम कही जाने वाली कोरोना वैक्सीन ज्यादातर बूथों से गायब है। जिसका खामियाजा बूथों पर पहुंचने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बूथों से लोग बिना टीका लगवाए ही निराश होकर लौट रहे हैं लेकिन विभाग इस समस्या का हल नहीं निकाल पा रहा है। विभागीय अधिकारी वैक्सीन न होने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं जबकि सबसे ज्यादा दिक्कतें बूथों पर मौजूद कर्मचारियों को हो रही है। जिनका अब लोगों से विवाद होना आम होता जा रहा है।
जिला अस्पताल में यह समस्या और विकट हो चुकी है। यहां पर प्रतिदिन सैकड़ों लोग कोरोना का टीका लगवाने के लिए पहुंच रहे हैं लेकिन उन्हें टीका नहीं लग पा रहा है। शुक्रवार को भी ज्यादातर बूथों पर दोपहर बाद वैक्सीन खत्म हो गई जिससे लोगों को बिना टीका लगवाए ही वापस लौटना पड़ा।
सीएमओ डॉ. बीकेएस चौहान ने बताया कि वैक्सीन की कमी कई दिनों से बनी है। प्रतिदिन जितनी वैक्सीन मिलती है उसी के आधार पर बूथों पर भेज दी जाती है। लोगों से अपील की जाती है कि वह धैर्य रखें बहुत जल्द वैक्सीन का यह संकट दूर हो जाएगा और सभी को टीका लग सकेगा। इसके लिए विभाग पूरी तरह से प्रयासरत है।
6793 को लगा कोरोना का टीका
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि देर रात हमें सात हजार डोज वैक्सीन की मिली। इसके बाद शुक्रवार को जिले के 51 केंद्रों पर इन्हें रात में ही भेज दिया गया। लेकिन कई बूथों पर दोपहर बाद ही वैक्सीन खत्म होने की जानकारी मिली है।
हमेें जितनी वैक्सीन की जरूरत है उतनी नहीं मिल पा रही है जिसकी वजह से दिक्कतें हो रही हैं। लेकिन यह समस्या बहुत जल्द दूर हो जाएगी। क्योंकि इसी हफ्ते विभाग का काफी मात्रा में वैक्सीन मिलने की उम्मीद है। देर शाम आई रिपोर्ट के अनुसार जिले में 6793 को कोरोना का टीका लगाया गया।