बाराबंकी। बड्डूपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव में सोमवार को एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों व अन्य लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। हालात बिगड़ते देख मौके पर सीओ सिटी डॉ. बीनू सिंह ने परिजनों को शांत कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। चार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज हो गया है।
बड्डूपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी पप्पू तीन दिन पहले सड़क पर घायल मिला था। सोमवार को उपचार के दौरान जिला अस्पताल में माैत के बाद परिजनों ने गांव के ही नरेश, चेतराम, रामकुमार व धर्मेंद्र पर हमला कर घायल करने का आरोप लगाया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी धर्मेंद्र के मामा की फरवरी में हत्या हुई थी, जिसके आरोप में पप्पू के चाचा दीना जेल में हैं।
धर्मेंद्र उस मामले में वादी है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के दौरान भीड़ लगी रही। पप्पू का चचेरा भाई पुलिस में सिपाही है। सुबह परिजनों ने केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पोस्टमार्टम हाउस के परिसर में ही हंगामा करना शुरु कर दिया। मौके पर पहुंचीं सीओ सिटी डॉ. बीनू सिंह ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। बड्डूपुर के एसओ संतोष कुमार ने बताया कि चार लोगों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज जांच की जा रही है।