बाराबंकी। यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान केंद्रों पर तैनात किया जाने वाले 50 प्रतिशत स्टाफ आंतरिक तो 50 प्रतिशत स्टाफ बाहरी स्कूलों का होगा। इसी के साथ परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र व उत्तर पुस्तिकाएं 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेंगी।
यूपी बोर्ड की ओर से जिले में इस बार 106 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर स्ट्रांग रूम बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यहां डबल लॉक वाली आलमारियां रखी जाएंगी जिनमें प्रश्नपत्र व उत्तर पुस्तिकाओं के साथ अन्य परीक्षा संबंधी सामग्री सुरक्षित की जाएगी।
स्ट्रांग रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे विद्यालय के साथ डीआईओएस कार्यालय पर बनाए जाने वाले कंट्रोल रूम से लिंक रहेंगे ताकि 24 घंटे निगरानी हो सके।
उधर, नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए हर विद्यालय में 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक दूसरे विद्यालयों के लगाए जाएंगे ताकि परीक्षा में किसी भी प्रकार का घालमेल न हो सके। इसके लिए परीक्षा केंद्र में आवंटित बच्चों के सापेक्ष शिक्षक मुहैया कराए जाएंगे। परीक्षा के दौरान स्टाफ को मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने की भी इजाजत नहीं होगी।