बाराबंकी। खेवली में अवैध रूप से संचालित ओमकार क्लीनिक को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को सील कर दिया। मानकों की अनदेखी कर संचालित चार अस्पतालों व क्लीनिकों के संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय मिश्रा ने वरिष्ठ सहायक जितेंद्र शुक्ला के साथ जांच अभियान चलाया।
टीम ने देवा-कुर्सी रोड स्थित अजय क्लीनिक, खेवली के ओमकार क्लीनिक, कुर्सी के एमए खान अस्पताल और बाराबंकी के आयुष न्यूरोथेरेपी सेंटर का निरीक्षण किया। जांच में ओमकार क्लीनिक बिना पंजीकरण संचालित मिला। इस पर उसे तत्काल सील कर दिया गया। सभी संचालकों को अपना पक्ष रखने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है।
डिप्टी सीएमओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान किसी भी क्लीनिक या अस्पताल संचालक ने पंजीकरण संबंधी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए चारों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।