बाराबंकी। जिले में एक ओर जहां सैकड़ों पंजीकृत स्कूली वाहन मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं वहीं कुछ ऐसे भी हैं जो बिना पंजीकरण के ही स्कूली बच्चे ढो रहे हैं। परिवहन विभाग के अभियान में बुधवार को इसका भी खुलासा हुआ। जांच में दो ऐसे वाहन मिले जो स्कूल के लिए पंजीकृत नहीं थे मगर बच्चों को सफर करा रहे थे। इसके अलावा एक स्कूली वैन बगैर फिटनेस के पाई गई। कुल आठ वाहनों पर कार्रवाई हुई है। यात्री माल कर अधिकारी ने वाहनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जिले में 200 से अधिक पंजीकृत स्कूली वाहन अनफिट हैं। इनका पंजीकरण लाइसेंस निलंबित किया जा चुका है और निरस्त करने की चेतावनी भी दी जा रही है। लेकिन स्कूल संचालक इन वाहनों का फिटनेस कराने में आगे नहीं आ रहे हैं। जिसे देखते हुए परिवहन विभाग ने चेकिंग अभियान चला रखा है।
बुधवार को एआरटीओ प्रवर्तन ने नए बस स्टेशन के पास एक स्कूली वैन को पकड़ा। जांच मेँ यह वैन अनफिट पाई गई। यात्री माल कर अधिकारी उमाशंकर मिश्र ने चेकिंग के दौरान सम्राट चिल्ड्रेन एकेडमी सतरिख के वाहनों को बच्चे ढोते पाया। छानबीन में पता चला कि इन वाहनों का पंजीकरण भी स्कूल के लिए नहीं है। यात्री माल कर अधिकारी ने दोनों वाहन को बंद कर दिया।
इसी के दौरान परमिट शर्तों का उल्लंघन करने में एक बस, अपंजीकृत एक क्रेन, सवारी ढो रही एक प्राइवेट वैन को भी बंद कराया है। वहीं एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. सर्वेश गौतम ने एक बस को ओवरलोड होने तथा दूसरी बस को परमिट न होने पर बंद करा दिया। यात्री माल कर अधिकारी उमाशंकर ने बताया कि स्कूली वाहनों को लेकर अभियान बृहस्पतिवार को भी चलाया जाएगा।