रामनगर से करीब 10 सवारियां लेकर फतेहपुर आ रहा एक टैंपो अनियंत्रित होकर कस्बे के आरएलबी कॉलेज के पास पलट गया। हादसे में टैम्पों सवार सात यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस व राहगीरों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां पर दो की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना फतेहपुर-रामनगर मार्ग पर स्थित महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल के पास की है। रविवार की शाम करीब चार बजे रामनगर की ओर से सवारियां भरकर आ रहा एक टैंपो अचानक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया।
जिसमें सवार शमशेर (30) व रामू (18) निवासी सूरतगंज, रामकुमार (35) निवासी अचकापुर थाना बड्डूपुर, उमर (45) निवासी झबरापुर थाना मोहम्मदपुर, अनिल कुमार (27), यश कुमार (5) निवासी खैरा कोतवाली फतेहपुर व टैंपो चालक दुर्गेश कुमार (30) निवासी कस्बा व थाना बड्डूपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया। जहां पर उमर व दुर्गेश की हालत गंभीर होने पर उन्हें चिकित्सकों द्वारा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।