माती (बाराबकी)। मुरादाबाद रजबहा मोड़ पर शारदा नहर के पास एक चालक पिकअप बैक कर रहा था, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर शारदा नहर में गिर गया। हादसे में एक युवक किसी तरह बाहर निकल गया पर दूसरे का पता नहीं चल सका। उसकी तलाश की जा रही है।
मामला देवा कोतवाली का है। यहां बुधवार शाम को क्षेत्र ग्राम सरांवा निवासी पिकअप चालक आकाश साथी केवल के साथ दूध लेकर अपट्रान पुलिस चौकी के पास स्थित एक फैक्टरी गये थे। जब दोनों लोग वहां से वापस लौट रहे थे तभी मुरादाबाद मोड़ के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर इंद्रा नहर में जा गिरी।
पानी का बहाव तेज होने के कारण चालक सहित पिकअप डूब गई। चालक का साथी केवल किसी तरह से कूदकर बाहर आ गया पर चालक गाड़ी सहित नहर में समा गया। ग्रामीणों ने तत्काल माती पुलिस को सूचना दी।
मौके पर देवा थानाध्यक्ष पीसी शर्मा, माती पुलिस चौकी प्रभारी धर्मेंद्र नाथ मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से खोजबीन की लेकिन जल बहाव अधिक होने के कारण कोई सुराग नहीं लग सका। चौकी प्रभारी ने बताया कि मित्तई से गोताखोरों को बुलाकर पिकअप व चालक की खोज कराई जायेगी।