बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र से दो युवक लापता हो गए। इनमें एक की बाइक चकरोड पर नहर किनारे मिलने से परिजनों में हड़कंप है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
खसपरिया गांव निवासी रामप्रकाश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 25 सितंबर की रात उनके पुत्र शिवा (23) को बेचैनी हो रही थी। उसे किडनी और लीवर में सूजन की शिकायत है। पत्नी शबनम से बात कर वह बाइक लेकर घर से निकला था लेकिन वापस नहीं आया। रात में खोजबीन के दौरान नहर किनारे बाग के पास चकरोड पर उसकी बाइक मिली। इसकी सूचना रात को ही पुलिस को दी गई। वहीं, मोहल्ला पीरबटावन निवासी खुर्शीद ने पुलिस को बताया कि 19 सितंबर को सुबह 7:00 बजे उनका भाई जमील (37) संदिग्ध हालत में लापता हो गया। हर जगह ढूंढने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला है। शहर कोतवाल सुधीर सिंह ने बताया कि पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर जांच कर रही है।
उधर, शहर के एक मोहल्ले से 14 वर्षीय किशोर के घर से नाराज होकर चले जाने पर पुलिस ने खोज निकाला। पुलिस के अनुसार हिन्दनगर बड़ेल निवासी किशोर, परिजनों द्वारा डांटने पर नाराज होकर घर से बिना बताए कहीं चला गया था। सीसीटीवी फुटेज व मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से किशोर को सतरिख में ढूंढ निकाला गया। (संवाद)