बाराबंकी। रामसनेहीघाट व रामनगर क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। युवाओं की मौत से दोनों परिवारों में मातम का माहौल है।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के हरबलपुर गांव निवासी बलराज का पुत्र सूरज (23) रानीगंज के पास स्थित कांति स्कूल ऑफ एजुकेशन में छात्र था और लखनऊ की एक मिठाई की दुकान में नौकरी करता था। शनिवार को सुबह सूरज
बाइक से लखनऊ जाने के लिए निकला था। इसी दौरान सूरतगंज-महादेवा मार्ग पर शक्तिन पुरवा गांव के पास सामने से आया तेज रफ्तार ट्रक उसकी बाइक में टक्कर मारने के बाद गड्ढे में पलट गया। हादसे में सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को क्रेन से बाहर निकलवाया। सूरज के दो छोटे भाई हैं। पिता किसान हैं। हादसे की सूचना पाने के बाद मां सूरजा गहरे सदमे मेें हैं।
वहीं, दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के मिर्जापुर मजरे मोरारपुर गांव निवासी अमरेश यादव (24) शुक्रवार देर रात बाइक से दरियाबाद-भिटरिया मार्ग पर जा रहा था। गोकुला के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल होने के बाद परिजन शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां रात में इलाज के दौरान मौत हो गई।