बीती रात आई तेज आंधी से बिगड़ी विद्युत व्यवस्था के कारण दो युवकों की जान चली गई। जहांगीराबाद में आंधी के बाद उड़े फ्यूज को ठीक करने पोल पर चढ़ा युवक करंट की चपेट में आ गया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
जबकि फतेहपुर में एक खेत में लगे कटीले तार पर हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरी थी। ख्ेात मालिक ने तार उठाने की कोशिश की तो वहीं चिपक गया। सीएचसी ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। दोनों ही घटनाओं में विभाग की लापरवाही उजागर हो रही है। सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेेेेजा है। किसी पीड़ित परिवार ने अभी तक कोई शिकायत नहीं की है।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा भयारा निवासी रंजीत यादव (30) पुत्र चंद्रिका यादव निजी कंपनी के दो टावर सदरुद्दीनपुर व देवगांव की रखवाली करने का का कार्य करता था। बुधवार की बीती रात आई आंधी के बाद वह सदरुद्दीनपुर स्थित टावर की देखरेख के बाद देवगांव के लिए निकला था।
रास्ते में माधवगंज के पास एचटी लाइन का फ्यूज उड़ा देख उसको सही करने के लिए रुक गया। देवगांव के बाहर एक किराने की दुकान से पवन को बुलाकर ले आया। इसके बाद फ्यूज ठीक करने के लिए चंदौली पावर हाउस से जहांगीराबाद फीडर का शट डाउन मांगा।
लेकिन शट डाउन मिलता इससे पहले ही रंजीत पोल पर चढ़ गया। जैसे ही वह फ्यूज सही करने लगा, करंट का तेज झटका लगने पर वह पोल से नीचे आ गिरा। वहां मौजूद पवन ने रंजीत के मोबाइल से परिवारीजनों को सूचना दी। जब तक मौके पर उसके परिवारीजन पहुंचते तब तक रंजीत की मौत हो गई। परिवारीजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
फतेहपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के ग्र्र्राम रमनगरा मजरे इसरौली निवासी किसान अरविंद कुमार वर्मा (36) पुत्र बाबूराम गुरुवार सुबह 6 बजे ठेलिया में गोबर लादकर अपने खेत में डालने जा रहा था। उसने अपने खेत के चारों ओर कटीले तार का घेरा लगा रखा है। खेत के ऊपर से ही एचटी लाइन गुजरी है।
बुधवार रात आई आंधी की वजह से एचटी लाइन का तार टूटकर कटीले तारों के घेरे पर गिरा पड़ा था जिसे अरविंद देख नहीं पाया। उसने तार उठाकर जैसे ही खेत के अंदर जाना चाहा कि उसमें आ रहे करंट की चपेट में आकर वह कटीले तारों पर गिर गया।
आसपास के किसानों ने देखा तो उसे आनन-फानन सीएचसी फतेहपुर ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दोनों हादसों में किसी प्रकार की कोई शिकायत पुलिस व पावर कार्पोरेशन के अधिकारियों से नहीं की गई है।